30 जून 2020 - 13:34
भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना से 418 मरे, अनलॉक 2.0 की गाइडलाइंस जारी, महाराष्ट्र ने 31 जुलाई तक लॉकडाउन बढ़ाया

भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 18500 से ज़्यादा मामले सामने आए हैं जबकि 400 से अधिक लोगों की मौत हो गई है।

मंगलवार को भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए ताज़ा आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोरोना के 18,522 नए मामले सामने आए जबकि इस दौरान 418 लोगों की मौत हो गई। मंत्रालय ने बताया है कि अब भारत में कोरोना से संक्रमित होने वालों की कुल संख्या 5,66,840 हो गई है जबकि यह घातक वायरस अब तक कम से कम 16,893 लोगों की जान ले चुका है। इस समय तक भारत में 3,34,821 लोग कोरोना को हराने में सफल हो चुके हैं जबकि 2,15,125 एक्टिव केस हैं। महाराष्ट्र राज्य कोरोना से सबसे ज़्यादा संक्रमित है जहां लगभग एक लाख 70 हज़ार लोग कोरोना में ग्रस्त हो चुके हैं जबकि साढ़े सात हज़ार से अधिक की मौत हो गई है। महाराष्ट्र की सरकार ने 31 कई तक के लिए लॉकडाउन की समय सीमा बढ़ा दी है।

 

इस बीच भारत की केंद्र सरकार की ओर से अनलॉक 2.0 की गाइडलाइंस जारी की गई हैं जो 31 जुलाई तक प्रभावी रहेंगी। इनमें कुछ राहत ज़रूर मिली है मगर बहुत सी गतिविधियां अब भी प्रतिबंधित हैं। सरकार ने मेट्रो रेल सेवा शुरू करने से इन्कार किया है लेकिन कुछ इंटरनैशनल फ़्लाइट्स शुरू करने की बात कही गई है। स्‍कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्‍थान बंद ही रहेंगे। नाइट कर्फ्यू में औद्योगिक इकाइयों और अन्य ज़रूरी चीज़ों के लिए ढील दी गई है। नाइट कर्फ्यू के समय में थोड़ी राहत देते हुए इसका समय दो घंटे कम कर दिया गया है। अब रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक ज़रूरी गतिविधियों को छोड़कर बाहर निकलने पर रोक रहेगी।